प्रतापगढ़: संग्रामगढ़ में पक्की दीवार काटकर दो घरों में लाखों की चोरी, खेत में मिला टूटा सूटकेस

प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ में चोरों ने दो घरों की पक्की दीवार में सेंध लगाकर लाखों की नकदी और जेवरात पर किया हाथ साफ

Jul 08, 2026 - 21:53
0 11
प्रतापगढ़: संग्रामगढ़ में पक्की दीवार काटकर दो घरों में लाखों की चोरी, खेत में मिला टूटा सूटकेस

संग्रामगढ़, प्रतापगढ़ : संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के पूरे चमेला का पुरवा (बकोल) गांव में मंगलवार रात चोरों ने दो घरों की पिछली पक्की दीवार में सेंध लगाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े, बर्तन और अन्य कीमती घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हृदय लाल निर्मल उर्फ कल्लू के घर में चोर पीछे की पक्की दीवार काटकर अंदर घुस गए। पीड़ित के अनुसार, चोर घर में रखे करीब 14 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े, बर्तन तथा अन्य घरेलू सामान समेट ले गए। वारदात के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर सो रहे थे और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।

इसके बाद चोरों ने पड़ोस में रहने वाली रामावती, पत्नी स्वर्गीय शिवबालक, के घर को भी निशाना बनाया। यहां से 18 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। एक ही रात में दो घरों में चोरी होने से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो दोनों घरों के पीछे खेत में टूटा हुआ सूटकेस, पेटी और बिखरा हुआ सामान पड़ा मिला।

इसकी सूचना गृहस्वामियों को दी गई। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि दोनों मकानों की पिछली पक्की दीवार में सेंध काटी गई थी। चोर कीमती सामान अपने साथ ले गए, जबकि कुछ कम कीमत का सामान खेत में फेंक गए थे। सूचना मिलते ही संग्रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पीड़ित परिवारों से तहरीर लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, सक्रिय चोर गिरोह का जल्द खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। थानाध्यक्ष मनोज तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पीड़ितों से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User