'ऑपरेशन प्रहार' का असर: हथिगवां में डेढ़ किलो गांजे के साथ महेशगंज का युवक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
हथिगवां पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत 1.306 किलो गांजे के साथ मनीष पाल को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में जेल भेजा।
(आदर्श भारतीय)
प्रतापगढ़। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत हथिगवां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1 किलो 306 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपद भर में अपराधियों एवं मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय तथा क्षेत्राधिकारी कुण्डा अमरनाथ गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी हथिगवां सत्येन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध गांजा लेकर पुरनेमऊ शेखपुर मार्ग की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और थाना क्षेत्र के पुरनेमऊ शेखपुर मार्ग से ग्राम डीहा खास पक्की सड़क मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष कुमार पाल पुत्र नन्हई पाल निवासी पूरे डींगुर सिंह रायगढ़ थाना महेशगंज जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 1 किलो 306 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना हथिगवां में मुकदमा अपराध संख्या 89/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से गांजा तस्करी से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक पाण्डेय, हेड कांस्टेबल गंगासागर एवं कांस्टेबल विपिन सारस्वत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध रूप से मादक पदार्थों का निर्माण, बिक्री या तस्करी होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 6307363107 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)