अंतर जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अवध कॉलेजिएट का दबदबा, 28 पदक जीतकर टीम चैंपियनशिप में दूसरा स्थान
लखनऊ में आयोजित 5वीं अंतर जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अवध कॉलेजिएट के खिलाड़ियों ने 28 पदक जीते और टीम चैंपियनशिप में दूसरा स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
लखनऊ : चौक स्थित जवाहर लाल नेहरू युवा केन्द्र में 5 और 6 सितंबर 2026 को आयोजित 5वीं अंतर जिला स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अवध कॉलेजिएट के उभरते खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने कुल 28 पदक अपने नाम कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। उनके उत्साह, अनुशासन और कड़ी मेहनत ने प्रतियोगिता में सभी का ध्यान खींचा। हाईकोर्ट के अधिवक्ता विनय कुमार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे।
परिणामों के अनुसार आरुष सिंह स्वर्णकार ने कैडेट 36 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। सब जूनियर वर्ग में कृष्व तिवारी, पुलकित श्रीवास्तव (30 किलोग्राम) तथा सोनाक्षी सिन्हा (32 किलोग्राम) और आजमा सिराज (25 किलोग्राम) ने स्वर्ण पदक हासिल किए। जूनियर वर्ग में सत्यम पांडे (58 किलोग्राम) और संस्कार द्विवेदी (53 किलोग्राम) स्वर्ण पदक विजेता रहे। शशिकांत, प्रतीक यादव और महिला कैडेट स्वस्तिका ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
रजत पदक विजेताओं में तेजस श्रीवास्तव (कैडेट 54 किलोग्राम), पार्थ अवस्थी (कैडेट 30 किलोग्राम), सक्षम (कैडेट 54 किलोग्राम), सब जूनियर वर्ग के अथर्व, वैष्णवी, कौस्तुभ मणि पांडे और अभिजीत शामिल रहे। आरुष त्रिपाठी, अनुराग सिंह और आर्यन राय ने कांस्य पदक जीते। पूमसे स्पर्धा में अवनी रावत और खुशी ने स्वर्ण व रजत पदक हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
टीम चैंपियनशिप में लखनऊ की शुभराज ताइक्वांडो एकेडमी प्रथम रही, जबकि कानपुर रोड स्थित अवध कॉलेजिएट ने दूसरा और नीलकंठ ताइक्वांडो लखनऊ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से सैकड़ों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक सर्वजीत सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से पहले कठोर प्रशिक्षण शिविर में कड़ी मेहनत की थी, जिसका नतीजा मैदान में साफ दिखा। संस्थापक प्रबंध निदेशिका जतिंदर वालिया ने कहा कि खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इसका श्रेय खिलाड़ियों की लगन, अभिभावकों के सहयोग और कोच घनश्याम शर्मा के मार्गदर्शन को दिया।
आयोजन एस एस टी ए के शिवांशु शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विनय कुमार सिंह ने किया। अंत में लखनऊ ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव सुभाष मौर्या ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। स्थानीय खेल विभाग द्वारा पदक विजेताओं के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित करने की घोषणा भी की गई है। खिलाड़ियों का अगला लक्ष्य आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)