राजधानी लखनऊ में 2 अक्टूबर को सजेगा अहिंसा और शाकाहार का अनूठा मंच, शहर में निकलेगी भव्य अहिंसा यात्रा

अखिल भारतीय शाकाहार परिषद के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देश भर के कई प्रबुद्धजन, संत, समाजसेवी और शिक्षाविद् हिस्सा लेंगे।

Sep 30, 2026 - 21:37
Updated: 2 hours ago
0 2
राजधानी लखनऊ में 2 अक्टूबर को सजेगा अहिंसा और शाकाहार का अनूठा मंच, शहर में निकलेगी भव्य अहिंसा यात्रा

लखनऊ : सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और वैचारिक क्रांति की अलख जगाने के उद्देश्य से आगामी 2 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक भव्य ‘अहिंसा सम्मेलन एवं अहिंसा यात्रा’ का आयोजन होने जा रहा है। अखिल भारतीय शाकाहार परिषद के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देश भर के कई प्रबुद्धजन, संत, समाजसेवी और शिक्षाविद् हिस्सा लेंगे।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मांसाहार और मादक पदार्थों से दूर रखकर एक स्वस्थ, नशामुक्त और संवेदनशील समाज की नींव रखना है। इसके साथ ही स्वदेशी अपनाओ, गौ-संरक्षण और जैविक कृषि को बढ़ावा देने जैसे अहम मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

श्रीरामकृष्ण मठ से माधव सभागार तक गूंजेगा अहिंसा का संदेश
कार्यक्रम के तहत 2 अक्टूबर को एक विशाल अहिंसा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा श्रीरामकृष्ण मठ (आईटी चौराहा) से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए माधव सभागार (निराला नगर) तक पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से आम जनमानस को जीवों के प्रति करुणा, शाकाहार और अहिंसक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।

10 विभूतियां होंगी ‘समाज गौरव सम्मान’ से अलंकृत
सम्मेलन के दौरान समाज सेवा, शिक्षा, पर्यावरण और संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले देश के 10 ख्यातिलब्ध विद्वतजनों को ‘समाज गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के सम्मान से समाज के अन्य वर्गों को भी सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरणा मिलेगी।

रात में सजेगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
दिनभर के वैचारिक मंथन और सत्रों के उपरांत रात्रि बेला में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। देश के नामचीन कवि अपनी कविताओं और ओजस्वी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक चेतना, मानवीय संवेदना और राष्ट्रप्रेम का संदेश देंगे।

परिषद के संयोजक पवन जैन, शैलेन्द्र चतुर्वेदी, प्रमिल द्विवेदी और विद्युत जैन सहित तमाम कार्यकर्ता इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए निरंतर जनसंपर्क कर रहे हैं। आयोजकों ने लखनऊ के सभी नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस अनूठे महाअभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User