प्रतापगढ़ में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ महाअभियान: किशोरियों को सुरक्षा कवच देने के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन शुरू
प्रतापगढ़ में 14-15 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल।
(एड0 अजय पंडा / ब्यूरो)
प्रतापगढ़/कुंडा: किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के जोखिम से बचाने के लिए प्रतापगढ़ जनपद में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान का शानदार आगाज हुआ है। सोमवार को कुंडा और कालाकांकर क्षेत्रों में आयोजित विशेष कार्यक्रमों के साथ इस सुरक्षा चक्र की शुरुआत की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कालाकांकर में पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का उद्घाटन किया। यहां पहली वैक्सीन लाभार्थी काजल पटेल को लगाई गई। वहीं, CHC कुंडा में अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार त्रिपाठी ने फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की, जहां तिलौरी निवासी आराध्या शुक्ला को पहला टीका लगाया गया।
डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए यह वैक्सीन जीवन रक्षक है। अब कुंडा स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को छोड़कर प्रतिदिन यह टीकाकरण निशुल्क उपलब्ध रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि टीका लगाने के बाद प्रत्येक लाभार्थी को 30 मिनट तक चिकित्सकों की निगरानी में रखा जा रहा है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें, जिनमें आशा और एएनएम शामिल हैं, घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक कर रही हैं। बीपीएम आशीष दूबे और रमेश सिंह यादव के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का यह सबसे प्रभावी तरीका है। इस मौके पर डॉ. राजीव द्विवेदी, डॉ. मनोज वर्मा और एएनएम संध्या मिश्रा समेत भारी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन ने अपील की है कि स्वस्थ भविष्य के लिए इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0