कुंडा में अवैध ईंट भट्ठे पर गरजा प्रशासन का डंडा: पैमाइश में खुला कब्जे का खेल, काम बंद करने का आदेश
कुंडा एसडीएम वाचस्पति सिंह ने अवैध ईंट भट्ठे पर की बड़ी कार्रवाई। पैमाइश में कब्जा गलत पाए जाने पर भट्ठा संचालन बंद।
(एड0 अजय पंडा / ब्यूरो)
कुंडा (प्रतापगढ़): तहसील क्षेत्र के संग्रामगढ़ इलाके में अवैध कब्जे की जमीन पर संचालित हो रहे एक ईंट भट्ठे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपजिलाधिकारी (SDM) कुंडा, वाचस्पति सिंह के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर न केवल पैमाइश कराई, बल्कि नियमों के उल्लंघन पर भट्ठे का संचालन भी तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।
विवादित भूमि को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। 28 मार्च 2026 को एसडीएम की मौजूदगी में दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के सामने जमीन की नाप-जोख की गई। जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि भट्ठे की पश्चिमी दीवार पीड़ित पक्ष की निजी जमीन को दबाकर खड़ी की गई थी। अधिकारियों ने पाया कि भट्ठा संचालक द्वारा किया गया कब्जा पूरी तरह गैरकानूनी था।
कार्रवाई के दौरान भट्ठा संचालक ने आपत्ति जताने की कोशिश की, जिस पर एसडीएम वाचस्पति सिंह ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी या किसी की निजी भूमि पर अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने संचालक को सख्त हिदायत दी कि जब तक विवाद का निपटारा नहीं होता, भट्ठे का काम पूरी तरह बंद रहेगा।
इस बड़ी कार्रवाई से जहां अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा है, वहीं पीड़ित पक्ष ने प्रशासन के इस त्वरित न्याय पर खुशी जताई है। मौके पर संग्रामगढ़ पुलिस बल के साथ राजस्व विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0