अवधेश्वरनाथ धाम पहुंचे एएसपी, पुरुषोत्तम मास मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
प्रतापगढ़ के पौराणिक अवधेश्वरनाथ धाम में अधिमास मेले की तैयारियों का एएसपी ने लिया जायजा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रतापगढ़ : आगामी पुरुषोत्तम मास (अधिमास) मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय ने हथिगवां थाना क्षेत्र स्थित पौराणिक अवधेश्वरनाथ धाम पहुंचकर अधिमास मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा बाबा भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर मेले के सकुशल संपन्न होने की कामना की।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी कुण्डा अमरनाथ गुप्ता, थाना प्रभारी हथिगवां सत्येन्द्र सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेला परिसर, मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल, यातायात व्यवस्था एवं गंगा घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया।इस दौरान एएसपी बृजनन्दन राय ने गंगा मैया का दर्शन करने के बाद बाबा अवधेश्वरनाथ का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
उन्होंने एक माह तक चलने वाले पुरुषोत्तम मास मेले के शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न होने की प्रार्थना की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन तथा गंगा घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने एवं आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। मंदिर सचिव विनय कुमार ओझा एवं मेला प्रबंधक व कोषाध्यक्ष जुगनू विश्वकर्मा ने अधिकारियों को मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान एसएसआई सहित पुलिस बल के कई जवान भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि अधिमास मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)