सरकारी आलू बीज की महंगी कीमतों से किसानों ने मोड़ा मुंह: 109 क्विंटल में महज 75 क्विंटल की बिक्री, गोदाम में सड़ने के कगार पर 50 बोरियां

अंबेडकरनगर में उद्यान विभाग का सरकारी आलू बीज बाजार से महंगा होने के कारण किसान नहीं खरीद रहे हैं। 109 क्विंटल में से 34 क्विंटल बीज गोदाम में डंप पड़ा है।

Nov 22, 2026 - 18:30
0 1
सरकारी आलू बीज की महंगी कीमतों से किसानों ने मोड़ा मुंह: 109 क्विंटल में महज 75 क्विंटल की बिक्री, गोदाम में सड़ने के कगार पर 50 बोरियां

अंबेडकरनगर। रबी सीजन में किसानों को रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण बीज मुहैया कराने की सरकारी योजना को उद्यान विभाग की ऊंची दरों ने बड़ा झटका दिया है। बाजार के मुकाबले सरकारी आलू बीज काफी महंगा होने के कारण जिले के किसानों ने इसकी खरीद से दूरी बना ली है। स्थिति यह है कि विभाग के पास उपलब्ध 109 क्विंटल आलू बीज के स्टॉक में से अब तक महज 75 क्विंटल की ही बिक्री हो सकी है, जबकि शेष 34 क्विंटल बीज गोदाम में डंप पड़ा है।

उद्यान विभाग की ओर से आलू की विभिन्न उन्नत प्रजातियों का विक्रय मूल्य 2,040 रुपये से लेकर 2,630 रुपये प्रति क्विंटल तक तय किया गया था। हैरानी की बात यह है कि इन दरों में शासन की ओर से दी जाने वाली 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी भी शामिल थी। इसके बावजूद, खुले बाजार में करीब 1,500 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर आसानी से बीज उपलब्ध होने के कारण किसानों ने सरकारी केंद्रों से बीज खरीदना घाटे का सौदा समझा और स्थानीय बाजारों का रुख कर लिया।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, जिले में आलू की चार प्रमुख प्रजातियों का कुल 109 क्विंटल स्टॉक मंगाया गया था। मूल्य सूची के अनुसार, कुफरी सिंदूरी और कुफरी पुखराज (सीड साइज) का भाव 2,630 रुपये, कुफरी चिप्सोना-1 का 2,480 रुपये और कुफरी पुखराज (ओवर साइज) का मूल्य 2,040 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। किसानों की बेरुखी को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने बीच में कई बार कीमतों में संशोधन भी किया, लेकिन बाजार भाव से अधिक होने के कारण बिक्री रफ्तार नहीं पकड़ सकी।

अब बुवाई का सीजन लगभग समाप्ति की ओर है और करीब 50 बोरियों में भरा 34 क्विंटल बीज गोदाम में पड़ा हुआ है। समय पर उठान न होने से इस कीमती बीज के खराब होने और सड़ने का खतरा मंडराने लगा है। इस पूरे मामले ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर दरें तय करते समय खुले बाजार के मूल्य का सही आकलन क्यों नहीं किया गया। अब गोदाम में खराब हो रहे इस बीज से होने वाले सरकारी नुकसान की जिम्मेदारी कौन तय करेगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User