कानून को चुनौती: मासूम से दरिंदगी का आरोपी जलालुद्दीन फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप

प्रयागराज में इलाज के दौरान पाक्सो एक्ट का आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार, लापरवाही पर दो सिपाही निलंबित, टीमें गठित

Apr 22, 2026 - 20:56
 0  13
कानून को चुनौती: मासूम से दरिंदगी का आरोपी जलालुद्दीन फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप

(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)

कुंडा/प्रतापगढ़ : प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाला आरोपी जलालुद्दीन उर्फ डब्बू पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया है। प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल में इलाज के दौरान हुई इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?
कुंडा के रहवई गांव का निवासी आरोपी जलालुद्दीन चार दिन पूर्व मानिकपुर थाना क्षेत्र में अपने एक मित्र के घर गया था। वहां शराब के नशे में धुत होकर उसने घर में मौजूद तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत की। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने धारा 65(2) BNS और 5M/6 पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।

अस्पताल से पुलिस को दिया चकमा
गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य खराब होने के कारण आरोपी को सीएचसी कालाकांकर से प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया था। मंगलवार शाम आरोपी ने सुरक्षा में तैनात कर्मियों की आंखों में धूल झोंकी और अस्पताल परिसर से भाग निकला। इस चूक की जानकारी मिलते ही जिले के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

दो सिपाही निलंबित, गिरफ्तारी की कोशिशें तेज
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में कांस्टेबल मदन शर्मा और अनुज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

  • कार्यवाही: आरोपी की धरपकड़ के लिए मानिकपुर पुलिस और स्वाट टीम सहित कई टीमें गठित की गई हैं।
  • पिछला रिकॉर्ड: स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, मानिकपुर पुलिस की कस्टडी से पहले भी अभियुक्त भागने की घटनाएं हो चुकी हैं।

क्षेत्रीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे जघन्य अपराधियों के विरुद्ध 'कठोरतम' कार्यवाही और 'लंगड़ा ऑपरेशन' जैसे कदम उठाने की जरूरत है ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके। फिलहाल, आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है और छापेमारी जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0