तिरंगा यात्रा से गूंजा बाघराय: सेवानिवृत्त फौजी आलोक शुक्ल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

प्रतापगढ़ में सेवानिवृत्त फौजी आलोक शुक्ल के सम्मान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा। युवाओं को अब मिलेगा सेना भर्ती का निःशुल्क प्रशिक्षण

Apr 06, 2026 - 11:17
0 6
तिरंगा यात्रा से गूंजा बाघराय: सेवानिवृत्त फौजी आलोक शुक्ल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

कुंडा, प्रतापगढ़ : देशभक्ति का जज्बा जब सर चढ़कर बोलता है, तो रास्ते खुद-ब-खुद स्वागत में बिछ जाते हैं। कुछ ऐसा ही नजारा प्रतापगढ़ के बाघराय क्षेत्र में देखने को मिला, जहाँ भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर पहली बार घर लौटे फौजी आलोक कुमार शुक्ल 'नितिन' के सम्मान में युवाओं ने एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत हरबसपुर से हुई, जो बिहार, अवतारपुर, छेवगा, बदली का पुरवा, पूरे शिव भीख और बाघराय ब्लॉक होते हुए भिटारा पहुंची। इस दौरान पूरा इलाका 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के जयकारों से गुंजायमान रहा। यात्रा में शामिल बाइक, डीजे, कारों और ट्रैक्टरों के काफिले ने माहौल को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। विशेष आकर्षण का केंद्र जेसीबी रही, जिससे फूलों की बारिश कर फौजी का स्वागत किया गया।

भिटारा पहुँचने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष डॉक्टर रज्जन मिश्र के नेतृत्व में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। युवाओं ने जगह-जगह आकर्षक प्रवेश द्वार बनाए थे और अपने नायक को पलकों पर बिठा लिया। ग्रामीणों के लिए यह भावुक क्षण था कि उनके बीच का एक लाल देश की सीमा की रक्षा कर सकुशल वापस लौटा है।

जनसभा को संबोधित करते हुए आलोक कुमार शुक्ल ने युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा:

"सेना में बिताए मेरे अनुभव अब क्षेत्र के युवाओं के काम आएंगे। मैं उन सभी युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण और सफलता के मूलमंत्र दूंगा जो भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहते हैं।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User