अब कच्चा नहीं रहेगा माता का दरबार: कमासिन माता मंदिर परिसर में सीसी कार्य शुरू, अजय सोनी ने नारियल फोड़कर किया श्रीगणेश
कौशाम्बी के गंभीरा पूर्व स्थित कमासिन माता मंदिर परिसर को पक्का करने के लिए जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने पूजन-अर्चन के बाद सीसी कार्य का शुभारंभ किया।
कौशाम्बी। आस्था के केंद्र कमासिन माता मंदिर परिसर की तस्वीर अब बदलने जा रही है। सिराथू ब्लॉक के ग्राम गंभीरा पूर्व में स्थित इस प्रसिद्ध मंदिर के परिसर को सुंदर और पक्का बनाने के लिए मंगलवार को सीसी कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। समर्थ किसान पार्टी के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने गंगाजल, धूप, दीप, फूल और लड्डू के साथ नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
कार्यक्रम की शुरुआत में अजय सोनी ने मां कमासिन देवी और हनुमान जी महाराज का विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाले यंत्रों और उपकरणों की भी पूजा की। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद नारियल फोड़कर सीसी कार्य का श्रीगणेश किया गया।
इस मौके पर अजय सोनी ने कहा कि कमासिन माता मंदिर परिसर अब तक कच्चा था, लेकिन अब पूरा परिसर पक्का कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए जनसुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उनका प्रयास लगातार जारी है और आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि इससे पहले परिसर में पेयजल की व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट, सड़क और दो प्रवेश द्वारों का निर्माण एवं स्थापना कराई जा चुकी है। कच्चे परिसर को पक्का कराने के लिए उन्होंने पिछले वर्ष प्रस्ताव दिया था, जिस पर अब निर्माण कार्य शुरू हो रहा है। अजय सोनी ने विश्वास जताया कि इस कार्य के पूरा होने से मंदिर परिसर और अधिक खूबसूरत दिखाई देगा तथा मंदिर की शोभा बढ़ेगी। साथ ही श्रद्धालुओं को आने-जाने और दर्शन-पूजन में भी सहूलियत मिलेगी।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी बाबा, लवलेश तिवारी, राजेश यादव, रोहित सोनी, दयाराम गौतम, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर के विकास कार्य की शुरुआत पर प्रसन्नता जताई और इसे क्षेत्र की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)