अनुभव पहले, पोस्ट बाद में: केरल टूरिज्म ने लॉन्च किया ‘ट्रैवल नाउ, पोस्ट लेटर’ अभियान, लखनऊ में सजेगी बी2बी मीट
केरल टूरिज्म का 'ट्रैवल नाउ, पोस्ट लेटर' कैंपेन लॉन्च। फरवरी में लखनऊ में होगा रोड शो, माइंडफुल ट्रैवल पर फोकस।
लखनऊ (आनंदी मेल ब्यूरो): डिजिटल दुनिया की भागदौड़ और सोशल मीडिया के दिखावे से दूर, अब पर्यटन को 'महसूस' करने पर जोर दिया जा रहा है। केरल टूरिज्म ने माइंडफुल ट्रैवल (जागरूक यात्रा) को बढ़ावा देने के लिए एक अनूठा वैश्विक अभियान 'ट्रैवल नाउ, पोस्ट लेटर' शुरू किया है। इस अभियान का संदेश साफ है—पहले यात्रा को अपनी आँखों और मन से जिएं, फिर उसे दुनिया के साथ साझा करें।
लखनऊ में रोड शो और बी2बी मीट
गर्मियों की छुट्टियों से पहले घरेलू पर्यटकों को लुभाने के लिए केरल टूरिज्म देश के प्रमुख शहरों में रोड शो आयोजित कर रहा है। इसी कड़ी में फरवरी माह में लखनऊ और इंदौर में विशेष बी2बी (Business-to-Business) मीट का आयोजन किया जाएगा। केरल के पर्यटन मंत्री श्री पी. ए. मोहम्मद रियास के अनुसार, कोविड के बाद केरल में पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है और आगामी सीजन में भी इसके जारी रहने की उम्मीद है।
कोच्चि-मुज़िरिस बाएनियल: कला का महाकुंभ
पर्यटकों के लिए इस समय सबसे बड़ा आकर्षण कोच्चि-मुज़िरिस बाएनियल है, जो 31 मार्च तक चलेगा। यह दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा समकालीन कला आयोजन है, जिसने कोच्चि को एक ग्लोबल आर्ट डेस्टिनेशन बना दिया है। इसके अलावा, फरवरी में तिरुवनंतपुरम में ‘निशागंधी डांस फेस्टिवल’ का आयोजन होगा, जहाँ कथकली और भरतनाट्यम जैसी शास्त्रीय नृत्यों की छटा बिखरेगी।
- केरल की नई पेशकश और उपलब्धियां
33 हेरिटेज ट्रेल्स: मुज़िरिस हेरिटेज प्रोजेक्ट के तहत कासरगोड से कोल्लम तक 33 नए ऐतिहासिक मार्ग लॉन्च किए गए हैं। - नए गंतव्य: कोझिकोड, वायनाड और बेकल जैसे उत्तर केरल के क्षेत्रों में एडवेंचर (सर्फिंग, पैराग्लाइडिंग) और लक्जरी सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
- वैश्विक सम्मान: केरल को 'रफ गाइड्स' ने 2026 के लिए दुनिया के 26 प्रमुख यात्रा स्थलों में शामिल किया है। साथ ही, इसे 2025 का 'बेस्ट वेलनेस डेस्टिनेशन' अवॉर्ड भी मिला है।
केरल अब केवल बैकवाटर और हाउसबोट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कारवां स्टे, प्लांटेशन विजिट और आयुर्वेद के साथ-साथ 'डेस्टिनेशन वेडिंग' के लिए भी खुद को तैयार कर चुका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0