भरवारी नगर पालिका: कागजों में 'नगर', हकीकत में 'नरक' बना वार्ड नंबर 19

Mar 31, 2026 - 16:51
 0  1
भरवारी नगर पालिका: कागजों में 'नगर', हकीकत में 'नरक' बना वार्ड नंबर 19

(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)

कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जनपद अंतर्गत भरवारी नगर पालिका परिषद के दावों और हकीकत के बीच की खाई गहरी होती जा रही है। विशेषकर वार्ड नंबर 19 (मुजाहिदपुर, धर्मराज नगर और पठानपुरवा) के हालात देखकर ऐसा लगता है कि प्रशासन इस क्षेत्र को मानचित्र पर भूल चुका है।

करीब आठ वर्ष पूर्व इन इलाकों को नगर पालिका की सीमा में इस उम्मीद के साथ शामिल किया गया था कि यहाँ शहरी सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन आज स्थिति किसी पिछड़े गांव से भी बदतर है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पक्की सड़कों के अभाव में बारिश के बिना भी रास्ते कीचड़ से पटे रहते हैं। नालियों की सफाई न होने से वे पूरी तरह बजबजा रही हैं, जिससे उठती दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों के खतरे ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

सबसे खौफनाक मंजर बिजली व्यवस्था का है। यहाँ 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइनें घरों की छतों को छू रही हैं। नंगे तारों के इस जाल ने पूरे मोहल्ले को 'डेथ जोन' में तब्दील कर दिया है। ग्रामीणों का आक्रोश इस बात को लेकर भी है कि नगर पालिका प्रशासन उनसे नियमित रूप से टैक्स तो वसूल रहा है, लेकिन बुनियादी ढांचे के नाम पर उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं।

सैकड़ों बार की शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0