कौशाम्बी में खूनी इंतकाम: 8 साल पहले की थी 'लव मैरिज', अब कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट

कौशाम्बी में 8 साल पुराने प्रेम विवाह का खूनी अंत, युवती के परिजनों ने युवक को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला।

Apr 20, 2026 - 13:58
 0  1
कौशाम्बी में खूनी इंतकाम: 8 साल पहले की थी 'लव मैरिज', अब कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट

(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)

कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से प्रतिशोध और ऑनर किलिंग की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। करारी थाना क्षेत्र के अड़हरा गाँव में एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के पीछे 8 साल पुराना प्रेम विवाह और जातिगत रंजिश बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, अड़हरा गाँव निवासी भारत यादव (30 वर्ष) ने करीब आठ साल पहले गांव के ही अशोक पांडे की बेटी के साथ प्रेम विवाह किया था। चूंकि मामला अलग-अलग समुदायों से जुड़ा था, इसलिए शादी के बाद से ही गांव में तनाव की स्थिति थी। अपनी जान को खतरा देखते हुए भारत यादव अपनी पत्नी के साथ गांव छोड़कर बाहर रहने लगा था।

भारत यादव हाल ही में अपने घर अड़हरा लौटा था। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम जब वह गांव में मौजूद था, तभी घात लगाकर बैठे विपक्षी अशोक पांडे और उसके साथियों ने उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने कुल्हाड़ी से भारत के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के पिता छोटे लाल यादव ने पुलिस को दी तहरीर में अशोक पांडे और उनके सहयोगियों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। 8 साल बाद भी नफरत की आग ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया, जिससे इलाके में लोग स्तब्ध हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0