यूनेस्को की अमूर्त विरासत सूची में 'दीपावली' शामिल: पीएम मोदी और जयशंकर ने जताया हर्ष
यूनेस्को ने दीपावली को अपनी अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल किया; पीएम मोदी ने खुशी व्यक्त की।
नई दिल्ली :भारत के सबसे प्रमुख त्योहारों में से एक, दीपावली, को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर (Intangible Cultural Heritage - ICH) सूची में शामिल कर लिया गया है। यूनेस्को ने दिल्ली में आयोजित अपनी अंतरराष्ट्रीय समिति की बैठक में यह ऐतिहासिक फैसला लिया, जो पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।
यह पहली बार है जब यूनेस्को की यह प्रतिष्ठित बैठक भारत में आयोजित हुई है, जो 8 से 13 दिसंबर तक लाल किले में निर्धारित है। इस निर्णय के साथ, भारत की कुल सांस्कृतिक विरासतों की संख्या अब 15 हो गई है, जिनमें कुंभ मेला, दुर्गा पूजा, गरबा, योग और रामलीला पहले से ही शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने यूनेस्को के इस फैसले पर गहन खुशी व्यक्त की। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत और दुनिया भर के लोग इस खबर से रोमांचित हैं। उन्होंने दीपावली को भारतीय संस्कृति और लोकाचार की आत्मा बताते हुए कहा कि यह फैसला त्योहार की वैश्विक लोकप्रियता में और वृद्धि करेगा। विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने इसे दीपावली के अपार सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व की पहचान बताया, साथ ही लोगों को एकजुट करने में इसकी भूमिका को भी रेखांकित किया।
यूनेस्को की बैठक में 150 देशों के 700 से अधिक प्रतिनिधियों ने अमूर्त धरोहरों पर विचार किया। भारत ने दीपावली के पक्ष में तर्क दिया कि यह केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, शांति एवं समृद्धि का प्रतीक है।
इस ऐतिहासिक घोषणा का जश्न मनाने के लिए दिल्ली में 10 दिसंबर की रात को एक बार फिर दीपावली जैसा माहौल तैयार किया जाएगा। दिल्ली के संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा के अनुसार, लाल किला परिसर के आसपास के सरकारी भवनों और चांदनी चौक इलाके को दीयों, रंगोली और सजावटी लाइट्स से सजाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0