अकबरपुर में मॉडल बनेंगे 7 आंगनबाड़ी केंद्र: 'सक्षम' अभियान के तहत कायाकल्प, पोषण वाटिका और रेन वाटर हार्वेस्टिंग से होंगे लैस
अम्बेडकर नगर के अकबरपुर ब्लॉक में 7 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूर्ण। मनरेगा और ICDS के अभिसरण से बने ये केंद्र 'सक्षम' बनेंगे।
अम्बेडकर नगर। जनपद में बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की नींव को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि जिला प्रशासन के प्रभावी प्रयासों से विकास खण्ड अकबरपुर में वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान सात नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है।
इन केंद्रों का निर्माण केवल एक विभाग का कार्य नहीं, बल्कि मनरेगा, राज्य वित्त और आई०सी०डी०एस० (ICDS) के साझा अभिसरण (Convergence) का परिणाम है। इन सातों केंद्रों को अब 'सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र' के रूप में उन्नत किया जा रहा है, जहाँ बच्चों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
सक्षम आंगनबाड़ी अभियान को धरातल पर उतारने के लिए कार्यों का स्पष्ट बंटवारा किया गया है:
पंचायतीराज विभाग: केंद्रों पर पोषण वाटिका विकसित करने और बाला (BALA) पेंटिंग (भवन को सीखने के माध्यम के रूप में उपयोग करना) का कार्य देख रहा है।
लघु सिंचाई विभाग: जल संरक्षण के लिए सभी केंद्रों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कर रहा है।
जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के क्रम में, इन कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए खंड विकास अधिकारी (BDO) और बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) निरंतर स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। इस पहल से न केवल कुपोषण के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिलेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के नौनिहालों को एक आदर्श शिक्षण वातावरण भी उपलब्ध होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0