प्रतापगढ़: 1.10 किलो गांजा के साथ शातिर तस्कर सत्यम सिंह गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
(एडवोकेट अजय पण्डा / ब्यूरो)
कुंडा, प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश की प्रतापगढ़ पुलिस ने नशीले पदार्थों के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। कुंडा कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर एक पेशेवर गांजा तस्कर को भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, टिकारिया बुजुर्ग निवासी सत्यम सिंह उर्फ मोनू पुत्र विक्रम जीत सिंह लंबे समय से क्षेत्र में गांजे की तस्करी और बिक्री में संलिप्त था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह खेमीपुर बाजार के पास भारी मात्रा में गांजा लेकर किसी ग्राहक की तलाश में है। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई कुंडा पुलिस ने मौके पर दबिश दी और सत्यम को 1.10 किलोग्राम गांजे के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त सत्यम सिंह एक शातिर अपराधी है। उस पर पहले से ही हत्या (धारा 302) और एससी/एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
- वर्ष 2022: कुंडा कोतवाली में हत्या, जहर खुरानी और धमकी देने के संगीन धाराओं में मामला दर्ज।
- वर्ष 2025: एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत पूर्व में भी जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। कुंडा पुलिस ने जनता से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 6307363107 पर सूचित करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0