बिहार में 'नीतीश युग' का अंत! राज्यसभा सांसद की शपथ ले दिल्ली लौटे नीतीश, अब नए मुख्यमंत्री की बारी
नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद की शपथ ली। बिहार में 20 साल बाद सत्ता परिवर्तन की तैयारी, 15 अप्रैल को हो सकती है नए सीएम की ताजपोशी।
नई दिल्ली/पटना। बिहार की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय का अंत हो गया और एक नई पारी की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज दिल्ली में राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण की। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, संजय झा और बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। शपथ के बाद नीतीश ने स्पष्ट संकेत दिए कि अब उनकी कर्मभूमि दिल्ली होगी।
साल 2005 से (बीच के 9 महीने छोड़कर) बिहार की सत्ता पर काबिज रहने वाले नीतीश कुमार ने हाल ही में MLC पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। दिल्ली पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से कहा, "20 साल तक बिहार में रहे, अब दिल्ली में भी काम करेंगे।" उनके इस बयान ने बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की खबरों पर आधिकारिक मुहर लगा दी है।
नीतीश कुमार आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। वहीं दूसरी ओर, दिल्ली में आज बीजेपी कोर ग्रुप की बड़ी बैठक होने जा रही है, जिसमें बिहार के नए 'मुख्यमंत्री चेहरे' पर अंतिम मुहर लगेगी। सूत्रों की मानें तो 15 अप्रैल को बिहार के नए सीएम की ताजपोशी हो सकती है।
नीतीश के दिल्ली प्रस्थान के बीच बिहार के मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि पूरा एनडीए गठबंधन एकजुट है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई सरकार भी नीतीश कुमार के विकास मॉडल को ही आगे बढ़ाएगी। फिलहाल, सबकी नजरें बीजेपी की कोर ग्रुप बैठक पर टिकी हैं कि बिहार की कमान अब किसके हाथों में सौंपी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0