रिश्तों का कत्ल: पहले भाभी का गला रेता, फिर खुद की जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश; आगरा रेफर
- नौहझील के बाघई कटैलिया गांव में सुबह-सुबह वारदात से फैली सनसनी, आरोपी की हालत गंभीर, आगरा रेफर
सुमित गोस्वामी
मथुरा। जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बाघई कटैलिया में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पारिवारिक कलह के चलते एक युवक ने अपनी ही भाभी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी और उसके बाद उसी हथियार से खुद का भी गला रेत लिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8.30 बजे ज्वाला प्रसाद के 23 वर्षीय पुत्र दीपक का अपनी 20 वर्षीय भाभी करिश्मा (पत्नी प्रमोद) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दीपक ने आपा खो दिया और धारदार हथियार से करिश्मा पर हमला कर दिया। हमले में करिश्मा की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने जब दोनों को लहूलुहान देखा तो चीख-पुकार मच गई।आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील ले जाया गया। डॉक्टरों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर कर दिया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अधिकारियों ने किया मौका मुआयना
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत और क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी सोनू सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल के जरिए सूचना मिली थी कि गले पर चोट के निशान वाले एक महिला और पुरुष भर्ती हुए हैं, जिसमें महिला की मौत हो चुकी है। जांच में पता चला कि दोनों भाभी-देवर हैं। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पाया गया कि साक्ष्य मिटाने की पूरी कोशिश की गई थी; घर को साफ कर दिया गया था और खून से सने गद्दे धोकर छत पर डाल दिए गए थे। चूल्हे की राख से एक ब्लेड भी बरामद हुआ है। मृतका के परिजनों से संपर्क कर तहरीर ली जा रही है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-श्लोक कुमार, एसएसपी, मथुरा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0