मानिकपुर में अषाढ़ शीतला सप्तमी मेले की तैयारियां तेज, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न
प्रतापगढ़ के मानिकपुर में 6 से 10 जुलाई तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक अषाढ़ शीतला सप्तमी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं
क्षेत्राधिकारी शिव नारायण वैश ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करेगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार राय ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। मंदिर ट्रस्ट के सचिव डॉ. विजय यादव ने बताया कि अषाढ़ शीतला सप्तमी मेला क्षेत्र की आस्था का प्रमुख धार्मिक आयोजन है।
प्रत्येक वर्ष लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद सिद्ध पीठ मां ज्वालामुखी देवी धाम में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन और मंदिर समिति के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक दर्शन करने की अपील की।
बैठक में मंदिर ट्रस्ट के सचिव डॉ. विजय यादव, प्रेमनाथ दीक्षित, मोहम्मद रिजवान, आशीष जायसवाल, नगर पंचायत प्रतिनिधि बोबी गुप्ता, जितेंद्र मिश्रा, गुरु मिश्रा, राम भरोस मिश्रा, भारत यादव, विद्युत विभाग के अवर अभियंता राकेश कुमार, तारिक अंसारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मेले को सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)