अम्बेडकरनगर: "सशक्त महिला–सशक्त समाज" के नारे के साथ मनाया गया महिला दिवस, कस्तूरबा गांधी विद्यालय में किशोरियों को सिखाए सुरक्षा के गुर

अम्बेडकरनगर के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में यूपीसीईजी नेटवर्क द्वारा महिला दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर किशोरियों को अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

Mar 15, 2026 - 21:21
 0  1
अम्बेडकरनगर: "सशक्त महिला–सशक्त समाज" के नारे के साथ मनाया गया महिला दिवस, कस्तूरबा गांधी विद्यालय में किशोरियों को सिखाए सुरक्षा के गुर

अम्बेडकरनगर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 'यूपीसीईजी नेटवर्क' (UPCEG Network) के तत्वावधान में जनपद के अकबरपुर ब्लॉक स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में “सशक्त महिला–सशक्त समाज” विषयक एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन शिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं और किशोरियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सशक्तिकरण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समन्वयक हेमलता ने कहा कि ग्रामीण अंचल की किशोरियों को उनके अधिकारों, शिक्षा और पोषण के प्रति जागरूक करना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपीसीईजी नेटवर्क पूरे प्रदेश में लैंगिक समानता और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को घरेलू हिंसा संरक्षण अधिनियम और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मिशन शक्ति टीम ने दी सुरक्षा की जानकारी बेवाना थाने की 'मिशन शक्ति' टीम से पहुंचे उपनिरीक्षक रमाशंकर सरोज ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, महिला कांस्टेबल राजकुमारी ने सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों— 112, 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1930 (साइबर क्राइम), 1076 और 1098 के उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया।

छात्राओं ने साझा किए अनुभव कार्यक्रम के दौरान किशोरियों ने भी अपने विचार साझा किए और समाज में अपनी भूमिका को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। शिक्षकों और कार्यकर्ताओं ने छात्राओं को भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने और शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर शिक्षकगण ललिता, निशा यादव, दीपिका वर्मा, नीलम, वंदना, अलका देवी, ताहिरा बानो सहित जन शिक्षण केंद्र की कार्यकर्ता विद्या, शर्मीला, हेमलता और सिद्धार्थ सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन महिलाओं के सम्मान और समानता के लिए निरंतर कार्य करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0