नशे के विरुद्ध बुलंद हुई युवाओं की आवाज: एनएसएस स्वयंसेवकों ने रैली निकाल समाज को किया जागरूक

कुंडा के वैष्णो देवी पीजी कॉलेज में एनएसएस शिविर के छठे दिन छात्रों ने निकाली नशा मुक्ति रैली और कराया स्वास्थ्य परीक्षण।

Mar 23, 2026 - 21:52
 0  1
नशे के विरुद्ध बुलंद हुई युवाओं की आवाज: एनएसएस स्वयंसेवकों ने रैली निकाल समाज को किया जागरूक

कुंडा-प्रतापगढ़ (आनन्दी मेल संवाददाता): जनपद के कुंडा स्थित वैष्णो देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन स्वयंसेवकों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़कर उत्साह का परिचय दिया। इस दौरान जहाँ एक ओर छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं दूसरी ओर 'नशा मुक्त समाज' के निर्माण हेतु भव्य जागरूकता रैली निकाली गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः कालीन प्रार्थना और एनएसएस लक्ष्य गीत के साथ हुआ। इसके पश्चात डॉ. रमेश यादव के मार्गदर्शन में प्रथम और द्वितीय इकाई के स्वयंसेवकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। रानी लक्ष्मीबाई, कल्पना चावला, मैरी कॉम और स्वामी विवेकानंद समूहों के छात्र-छात्राओं का वजन, बी.पी. और पल्स की जाँच की गई। इस गतिविधि का उद्देश्य स्वयंसेवकों को शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना रहा।

समाज को व्यसनों से मुक्त करने के संकल्प के साथ स्वयंसेवकों ने एक प्रभावी 'नशा मुक्ति रैली' निकाली। यह रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गोंदाही गाँव होते हुए नरई चौराहे तक पहुँची। हाथों में तख्तियाँ लिए छात्र-छात्राओं ने नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक श्री छोटे लाल यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, "नशा देश की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है। युवाओं का भविष्य इससे खतरे में पड़ रहा है। नशा मुक्ति के लिए सबसे पहले हमें अपनी इच्छाशक्ति को मजबूत करना होगा। परिवार और समाज का सहयोग इस बदलाव में अत्यंत महत्वपूर्ण है।"

कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम अधिकारी पुनीत कुमार तिवारी, डॉ. सुरेन्द्र कुमार यादव, डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, अनिल सिंह, डॉ. शिवानी गुर्जर और दिनेश यादव सहित समस्त शिक्षक और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0