कालाकांकर सीएचसी का जीएम-एनएचएम टीम ने किया औचक निरीक्षण, बेहतर सुविधाओं के लिए परखी व्यवस्थाएं
जीएम-एनएचएम डॉ. मनोज शुक्ला की टीम ने सीएचसी कालाकांकर का निरीक्षण कर सफाई और दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की।
(आदर्श भारतीय)
कुंडा/प्रतापगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कालाकांकर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत जानने के लिए शुक्रवार को लखनऊ से आई उच्चस्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। जीएम-एनएचएम डॉ. मनोज शुक्ला और डॉ. अनामिका मिश्रा की संयुक्त टीम ने अस्पताल के हर वार्ड और पटल का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने दवा वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष (लेबर रूम), प्रसव भर्ती वार्ड और चिकित्सक कक्ष का भ्रमण किया। टीम ने विशेष रूप से दवा भंडार कक्ष में दवाओं की उपलब्धता और उनके रख-रखाव की जांच की। इस दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव द्विवेदी और उनकी टीम से विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
टीम ने अस्पताल के महत्वपूर्ण अभिलेखों (रजिस्टर) और विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट का मूल्यांकन किया। सफाई व्यवस्था को देखकर टीम ने संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही इसे मानक के अनुरूप और अधिक उत्कृष्ट बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत बच्चों के उपचार और रेफरल प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। इसके अलावा, अस्पताल के वाहनों की उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए लॉग बुक की भी जांच की गई।
"अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं, लेकिन गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में निरंतर सुधार की आवश्यकता है। सभी कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।" — जीएम-एनएचएम टीम
निरीक्षण के समय ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर प्रमोद कुमार मौर्य, बीपीएम उर्मिला देवी सहित अन्य पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा। कालाकांकर में व्यवस्थाएं परखने के बाद टीम प्रयागराज में आयोजित अपर सचिव (स्वास्थ्य) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में भाग लेने के लिए रवाना हो गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0