कानपुर में फर्जी कक्ष निरीक्षक गिरफ्तार, AI और पॉकेट प्रिंटर से ओएमआर शीट भरने का था प्लान

यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा में AI और मिनी प्रिंटर से नकल की साजिश नाकाम, कानपुर में फर्जी निरीक्षक समेत तीन गिरफ्तार।

Apr 26, 2026 - 13:18
 0  1
कानपुर में फर्जी कक्ष निरीक्षक गिरफ्तार, AI और पॉकेट प्रिंटर से ओएमआर शीट भरने का था प्लान

कानपुर/फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश में 41,424 होमगार्ड पदों के लिए आयोजित हो रही तीन दिवसीय लिखित परीक्षा के पहले ही दिन पुलिस ने एक बड़े साल्वर गैंग की साजिश को नाकाम कर दिया है। कानपुर के चुन्नीगंज स्थित बीएनएसडी इंटर कॉलेज में शनिवार को पुलिस ने तीन ऐसे आरोपियों को दबोचा, जो फर्जी कक्ष निरीक्षक बनकर एआई (AI) तकनीक के जरिए परीक्षा में धांधली करने की फिराक में थे।

AI और मिनी प्रिंटर का 'स्मार्ट' खेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप विश्वकर्मा, निर्मल कुमार और मास्टरमाइंड अखिलेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये आरोपी केवल पेपर लीक करने तक सीमित नहीं थे, बल्कि अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहे थे। इनकी योजना थी कि मोबाइल से प्रश्न-पत्र की फोटो खींचकर उसे Artificial Intelligence (AI) की मदद से हल किया जाए। इसके बाद, उत्तरों को एक मिनी पॉकेट प्रिंटर से निकालकर उन अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट (OMR Sheet) भरी जानी थी जो परीक्षा में अनुपस्थित थे।

मामला दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान दोपहर करीब 02:55 बजे प्रकाश में आया। ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक अमित कुमार वाजपेयी को ब्लॉक 'ए' के पास संदीप विश्वकर्मा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से सील्ड प्रश्न-पुस्तिका बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर संदीप ने बताया कि उसे यह पेपर दूसरे कक्ष निरीक्षक निर्मल कुमार ने दिया था।

जांच में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि संदीप और निर्मल, दोनों के नाम जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक कक्ष निरीक्षक सूची में थे ही नहीं। उनके पास मौजूद आई-कार्ड पर प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर भी फर्जी पाए गए।

एडीसीपी महेश कुमार के मुताबिक, अखिलेश यादव ने ही इन दोनों को फर्जी तरीके से ड्यूटी पर लगवाया था। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल, मिनी पॉकेट प्रिंटर और सील्ड प्रश्न-पत्र जब्त कर लिए हैं। केंद्र व्यवस्थापक ललित बाजपेई की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया है।

दूसरी ओर, फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और एसपी आरती सिंह ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और अन्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। फिलहाल, परीक्षा का दूसरा दिन कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। (etv)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0