विनोद गौतम बने आजाद समाज पार्टी के लखनऊ मंडल प्रभारी, 2027 में सत्ता परिवर्तन का किया शंखनाद
विनोद गौतम लखनऊ मंडल प्रभारी नियुक्त। चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में 2027 में यूपी में सरकार बनाने का लक्ष्य।
हरदोई : उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी पैठ मजबूत कर रही आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने संगठन विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। भीम आर्मी चीफ और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चितौड़ ने हरदोई के कर्मठ नेता विनोद कुमार गौतम को लखनऊ मंडल का प्रभारी नियुक्त किया है।
संडीला निवासी विनोद गौतम इससे पहले हरदोई जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी सांगठनिक क्षमता का लोहा मनवा चुके हैं। उनकी इसी सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें अब लखनऊ मंडल जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
पदभार ग्रहण करते ही विनोद गौतम ने पार्टी के इरादे स्पष्ट कर दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और 2027 के विधानसभा चुनावों में चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में आजाद समाज पार्टी की सरकार बनना तय है। उन्होंने जोर देते हुए कहा:
"हमारा लक्ष्य बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम जी के विचारों को हर घर तक पहुंचाना है। हम भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी को बूथ स्तर पर इतना मजबूत करेंगे कि कोई भी चुनौती हमारे सामने टिक न सके।"
विनोद गौतम की नियुक्ति से लखनऊ मंडल के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। नवनियुक्त प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पार्टी अब केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांवों और मजरों में जाकर दलित, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को लामबंद करने का काम करेगी। आगामी दिनों में लखनऊ मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में संगठन को नए सिरे से धार दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0