अम्बेडकरनगर: 7 अगस्त को मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा, मंडलायुक्त व डीआईजी ने गोविंद साहब में तैयारियों का लिया जायजा
अम्बेडकरनगर के गोविंद साहब में 7 अगस्त को सीएम योगी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मंडलायुक्त और डीआईजी ने तैयारियों का लिया जायजा।
अम्बेडकरनगर : 07 अगस्त 2026 को जनपद अम्बेडकरनगर की तहसील आलापुर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गोविंद साहब में माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारियां जोरों पर हैं। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दृष्टिगत मंडलायुक्त श्री राजेश कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) श्री सोमेन वर्मा ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह की मौजूदगी में मंडलायुक्त व डीआईजी ने हेलीपैड निर्माण, मुख्य मंच, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम में भारी जनसैलाब जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंडलायुक्त व डीआईजी को अब तक की गई सभी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, प्रशिक्षु आईएएस थनिगईयरसन टी सहित लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और पुलिस-प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)