बलिया: पत्रकारिता की मजबूती के लिए एकजुटता जरूरी, ग्रापए ने बांटे पहचान पत्र

बलिया में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का आईडी कार्ड वितरण समारोह संपन्न, 44 पत्रकारों को मिले कार्ड और मिला बीमा सुरक्षा का तोहफा।

Mar 25, 2026 - 13:23
 0  1
बलिया: पत्रकारिता की मजबूती के लिए एकजुटता जरूरी, ग्रापए ने बांटे पहचान पत्र

बलिया। ग्रामीण पत्रकारिता को नई दिशा देने और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ 'ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन' (ग्रापए) की सदर तहसील इकाई द्वारा जीराबस्ती स्थित गोपाल आईटी परिसर में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में संगठन की शक्ति का प्रदर्शन करते हुए 44 पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आधिकारिक आईडी कार्ड वितरित किए गए।

सदर तहसील अध्यक्ष श्याम प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के ढांचे को और मजबूती दी गई। वरिष्ठ पत्रकार शशिकांत तिवारी को संरक्षक, मंजय सिंह को मंडल अध्यक्ष और हसन खान को जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान पत्रकारों ने दिवंगत साथी मनोज सोनी को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन भी रखा।

मुख्य अतिथि और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार ने पत्रकारों को समाज का आईना बताते हुए कहा कि पत्रकार शासन और जनता के बीच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने विश्वास दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले पत्रकारों की हर समस्या का प्राथमिकता से समाधान होगा।

कार्यक्रम में एक बड़ी घोषणा करते हुए तहसील अध्यक्ष श्याम प्रकाश शर्मा ने कहा कि संगठन के सभी सदस्यों का 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा निशुल्क कराया जाएगा, ताकि जोखिम भरे काम में लगे पत्रकारों को सुरक्षा मिल सके।

वरिष्ठ पत्रकार श्रवण कुमार पांडेय ने वर्तमान परिवेश में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के बिना एक पारदर्शी और न्यायपूर्ण समाज की कल्पना करना असंभव है। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदेश कोषाध्यक्ष छोटे लाल चौधरी ने किया। इस अवसर पर बसंत पांडेय, जनार्दन सिंह और आनंद मोहन सिंह समेत जनपद के सैकड़ों पत्रकार उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0