मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित अम्बेडकरनगर दौरे को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन: डीएम और एसपी ने गोविंद साहब पहुंचकर लिया तैयारियों का जायजा
अम्बेडकरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर डीएम ईशा प्रिया और एसपी प्राची सिंह ने गोविंद साहब धाम पहुंचकर तैयारियों व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अम्बेडकरनगर : उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के जनपद में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने आलापुर तहसील के विकासखंड रामनगर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल गोविंद साहब पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण तथा वीआईपी आगमन-प्रस्थान मार्गों का बिंदुवार भौतिक सत्यापन किया। डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता कतई स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस अधिकारियों को चाक-चौबंद इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के कड़े प्रबंध इस तरह हों कि श्रद्धालुओं और आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता, उप जिलाधिकारी आलापुर, तहसीलदार आलापुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
(आनन्दी मेल संवाददाता)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)