कानपुर के निराला नगर गुरुद्वारे में श्री गुरु रामदास जी का प्रकाश पर्व धूमधाम से मना; गुरबाणी कीर्तन से निहाल हुई संगत
कानपुर के निराला नगर स्थित गुरुद्वारा श्री दशमेश सिंह सभा में श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर भव्य समागम आयोजित हुआ। कीर्तन दरबार और गुरु के लंगर में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका।
कानपुर: सिख धर्म के चौथे पातशाह, साहिब श्री गुरु रामदास जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कानपुर के निराला नगर स्थित गुरुद्वारा श्री दशमेश सिंह सभा में एक विशेष एवं भव्य धार्मिक समागम का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहरभर से आए श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में हाजिरी भरी और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
धार्मिक समागम की शुरुआत सहज पाठ की पवित्र समाप्ति के साथ हुई। इसके पश्चात स्त्री सत्संग सभा, गुरुद्वारा निराला नगर की बीवियों द्वारा संगतमयी रूप से गुरबाणी का मनमोहक कीर्तन प्रस्तुत किया गया। समागम के मुख्य आकर्षण के रूप में पहुंचे पंथ प्रसिद्ध रागी जत्थे—भाई दलवीर सिंह जी और भाई रकम सिंह जी के जत्थे ने अपनी मधुर आवाज़ और गुरबाणी कीर्तन की तानों से उपस्थित संगत को आध्यात्मिक रस में सराबोर कर निहाल कर दिया।
कीर्तन दरबार की समाप्ति पर सर्वत्त के भले की अरदास की गई और पावन हुकमनामा लिया गया। दीवान की समाप्ति के बाद गुरुद्वारा परिसर में गुरु का अटूट लंगर संगत के बीच प्रेमभाव से वितरित किया गया।
इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान रणधीर सिंह पिंका, मुख्य सेवादार ज्ञानी अजीत सिंह, संजय, अजीत सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, स्वर्ण सिंह, जितेंद्र पाल सिंह, आशीष आहूजा और मनीष सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियां व श्रद्धालु उपस्थित रहे। समागम के दौरान वक्ताओं और श्रद्धालुओं ने गुरु रामदास जी द्वारा दिखाए गए सेवा, सिमरन, समर्पण और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
(संजय शुक्ला)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)