अंबेडकर नगर: भारतीय सवर्ण समाज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय का हुआ शंखनाद, उठी आर्थिक आरक्षण की गूंज

अंबेडकर नगर में भारतीय सवर्ण समाज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन; आर्थिक आधार पर आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट खत्म करने की मांग

Apr 6, 2026 - 16:10
 0  3
अंबेडकर नगर: भारतीय सवर्ण समाज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय का हुआ शंखनाद, उठी आर्थिक आरक्षण की गूंज

अंबेडकर नगर : अयोध्या मंडल के अंबेडकर नगर जनपद में राजनीतिक हलचल उस समय तेज हो गई, जब भारतीय सवर्ण समाज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय का भव्य उद्घाटन ग्राम पंचायत शिवपाल में संपन्न हुआ। रविवार को आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप राम त्रिपाठी ने फीता काटकर नवनिर्मित कार्यालय का शुभारंभ किया।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिलीप राम त्रिपाठी ने देश की वर्तमान आरक्षण नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने पुरजोर तरीके से मांग की कि आरक्षण का आधार जाति नहीं बल्कि आर्थिक स्थिति होनी चाहिए। त्रिपाठी ने कहा, "जब तक समाज के हर गरीब को समान अवसर नहीं मिलेगा, तब तक वास्तविक सामाजिक न्याय की कल्पना अधूरी है।"

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष पार्टी के स्पष्ट एजेंडे को रखते हुए तीन प्रमुख मांगें दोहराईं:

  • एससी-एसटी एक्ट को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए।
  • यूजीसी बिल को वापस लेकर शैक्षणिक पारदर्शिता बहाल की जाए।
  • सवर्णों के हितों की रक्षा के लिए 'सवर्ण आयोग' का गठन हो।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी संरक्षक राधेश्याम मिश्र ने उपस्थित पदाधिकारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज का सवर्ण समाज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है, क्योंकि कोई भी बड़ा राजनीतिक दल उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

कार्यक्रम का कुशल संचालन राष्ट्रीय प्रभारी रिंटू सिंह राजपूत द्वारा किया गया। इस मौके पर भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने सवर्ण हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0