राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में पीएम मोदी के जन्मदिन पर मानवीय पहल: शिक्षकों ने टीबी मरीजों को लिया गोद, बांटी पोषण पोटली; यमुना परिसर में रोपे गए पौधे

यूपीआरटीओयू प्रयागराज में पीएम मोदी के जन्मदिन पर क्षय रोगियों को पोषण पोटली बांटी गई और यमुना परिसर में वृहद पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Sep 17, 2026 - 20:56
0 2
राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में पीएम मोदी के जन्मदिन पर मानवीय पहल: शिक्षकों ने टीबी मरीजों को लिया गोद, बांटी पोषण पोटली; यमुना परिसर में रोपे गए पौधे

प्रयागराज। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (UPRTOU) में बृहस्पतिवार को सामाजिक एवं मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन, राजकीय क्षय रोग चिकित्सालय और भारतीय स्टेट बैंक (सिविल लाइंस) के संयुक्त तत्वावधान में टीबी पीड़ितों को पोषण पोटली वितरित की गई, वहीं यमुना परिसर में भव्य पौधारोपण अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक कल्याण और जन-स्वास्थ्य के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री के "टीबी मुक्त भारत" संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उचित पोषण, नियमित दवा और सकारात्मक सोच से इस बीमारी को पूरी तरह हराया जा सकता है। वित्त अधिकारी पूनम मिश्रा ने मरीजों का हौसला बढ़ाते हुए संतुलित आहार और समय पर दवा लेने के लिए प्रेरित किया।

चिकित्सकीय परामर्श देते हुए राजकीय क्षय रोग चिकित्सालय के मेजर डॉ. एस.के. सिंह ने टीबी के लक्षणों, बचाव और निक्षय पोषण योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रोटीन और विटामिन से भरपूर आहार मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। एसबीआई की शाखा प्रबंधक गरिमा श्रीवास्तव ने कहा कि बैंक सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत स्वास्थ्य सुधार के कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब रहा जब विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने टीबी पीड़ितों को गोद लेते हुए स्वयं अपने हाथों से उन्हें पोषण पोटली सौंपी। स्वास्थ्य विज्ञान विद्या शाखा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. मीरा पाल ने किया। इसके उपरांत कृषि विज्ञान विद्या शाखा के सौजन्य से यमुना परिसर में वृहद वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस दौरान संस्थान के शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User