प्रयागराज: कृषक समृद्धि आयोग की समीक्षा बैठक में ड्रैगन फ्रूट की खेती पर ज़ोर, सदस्य कुलजीत सिंह ने दिए कृषि योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश
कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य कुलजीत सिंह ने प्रयागराज में समीक्षा बैठक की। किसानों की आय बढ़ाने हेतु ड्रैगन फ्रूट की खेती के प्रचार-प्रसार पर दिया जोर।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य कुलजीत सिंह ने बुधवार को प्रयागराज सर्किट हाउस में कृषि एवं उससे संबद्ध विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषकों के हितों की रक्षा करना और शासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाना रहा।
बैठक के दौरान आयोग के सदस्य ने कृषि विभाग की सभी योजनाओं के कुशल और पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र में आ रही समस्याओं के निस्तारण के लिए सहायक निबंधक सहकारिता को कड़े कदम उठाने को कहा। वहीं, पशुपालन विभाग की चर्चा करते हुए उन्होंने मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को गौशालाओं के सुचारू संचालन और विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक लाभान्वित हो सकें।
विशेष रूप से उद्यान विभाग की समीक्षा करते हुए कुलजीत सिंह ने प्रयागराज में ड्रैगन फ्रूट की खेती की संभावनाओं और वर्तमान प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परंपरागत खेती के साथ-साथ किसानों को ड्रैगन फ्रूट जैसी नकदी और आधुनिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
समीक्षा बैठक के बाद आयोग के सदस्य ने यमुनापार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वहां साधन सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और एक किसान के खेत पर जाकर ड्रैगन फ्रूट के प्लॉट का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद किसानों से संवाद करते हुए उन्होंने ड्रैगन फ्रूट की उन्नत खेती के तरीकों और उससे होने वाले आर्थिक लाभों के प्रति जागरूक किया। बैठक का समापन अपर जिला कृषि अधिकारी विकास मिश्रा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)