किसानों की सहमति बिना इंच भर जमीन नहीं लेगी PDA: फूलपुर विधायक दीपक पटेल का बड़ा ऐलान
फूलपुर विधायक दीपक पटेल ने मुकुंदपुर में किसानों को भरोसा दिया कि उनकी सहमति के बिना कोई भी जमीन अधिग्रहण नहीं होगा।
प्रयागराज। विकास प्राधिकरण (PDA) द्वारा प्रस्तावित आवासीय योजना के खिलाफ किसानों के बढ़ते असंतोष के बीच, फूलपुर विधायक दीपक पटेल ने स्पष्ट रुख अख्तियार कर लिया है। मुकुंदपुर और बजहा ग्राम में आयोजित 'होली मिलन समारोह' में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे विधायक ने भावुक होते हुए किसानों को उनके हक की रक्षा का वचन दिया।
विधायक दीपक पटेल ने ग्राम प्रधान राजेश सिंह एवं स्थानीय किसानों द्वारा आयोजित इस भव्य स्वागत समारोह में कहा कि मुकुंदपुर, बजहा और चक हितौना जैसे गांवों की जमीन का अधिग्रहण जबरन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को कड़ा संदेश देते हुए कहा:
"मैं पहले आपका बेटा और भाई हूँ, उसके बाद विधायक। यदि जमीन अधिग्रहण की बात आएगी, तो वह केवल किसानों की मर्जी और सहमति से ही संभव होगा। जहाँ किसानों का पसीना गिरेगा, वहाँ मैं अपना खून बहाने को तैयार हूँ, लेकिन किसानों के हितों पर आंच नहीं आने दूंगा।"
विधायक के इस बयान से उन किसानों को बड़ी राहत मिली है जो लंबे समय से पीडीए की प्रस्तावित आवासीय योजना के कारण अपनी उपजाऊ भूमि छिन जाने के डर में थे। विधायक के मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी ने बताया कि दीपक पटेल ने साफ कर दिया है कि वह कदम-कदम पर किसानों के साथ खड़े हैं और किसी भी तानाशाही रवैये को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
कार्यक्रम में बहादुरपुर ब्लॉक प्रमुख अरुणेन्द्र यादव 'डब्बू', ग्राम प्रधान राजेश सिंह, अरुण मिश्र उर्फ पिंटू और कैप्टन तेज प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस दौरान रजनीश सिंह, सत्यम मिश्र और अमर बहादुर बिंद जैसे क्षेत्रीय नेताओं ने भी किसानों की आवाज बुलंद की। समारोह में बड़ी संख्या में मुकुंदपुर और चक हितौना के किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायक के इस साहसी निर्णय का करतल ध्वनि से स्वागत किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0