संगम नगरी प्रयागराज में गूंजा 'सशक्त बेटियाँ, सशक्त राष्ट्र' का संकल्प
प्रयागराज के थरवई में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और नेतृत्व विकास पर जोर दिया गया
प्रयागराज: "शिक्षित एवं सशक्त बेटियाँ ही समृद्ध समाज और एक सुदृढ़ राष्ट्र की असली आधारशिला होती हैं।" यह विचार प्रख्यात शिक्षाविद् एवं समाजसेविका डॉ. अंकिता राज ने गयादीन विश्वकर्मा इण्टरमीडिएट कालेज, भिदिउरा, थरवई में आयोजित 'मिशन शक्ति' के विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय 'सशक्त बेटियाँ, सशक्त राष्ट्र' था। इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनमें नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ 'अमृत ग्रीन प्रयागराज मिशन' के अंतर्गत वृक्षारोपण के साथ किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कृषि विभाग की उपनिदेशक शिप्रा विश्वकर्मा और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान केंद्र की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पुनीता पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। अतिथियों ने संयुक्त रूप से ट्रस्ट द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय 'विद्या प्रतिभा स्पर्धा परीक्षा' के चतुर्थ संस्करण का भी शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिभा को निखारना है।
शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर जोर
मुख्य अतिथि डॉ. अंकिता राज ने अपने संबोधन में कहा कि एक शिक्षित और जागरूक बेटी केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने बालिकाओं के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक सशक्तिकरण और आत्मविश्वास को सामाजिक प्रगति के लिए अनिवार्य बताया।
विशिष्ट अतिथि शिप्रा विश्वकर्मा ने बालिकाओं में निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक चुनौतियों से मुकाबला करने का साहस विकसित करने पर बल दिया। वहीं, डॉ. पुनीता पांडेय ने बालिका शिक्षा को सबसे बड़ा सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष तीर्थराज विश्वकर्मा ने समाज सुधारकों के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक पुस्तिकाएँ छात्राओं को वितरित कीं, जिनमें सावित्रीबाई फुले, रमाबाई अम्बेडकर और महादेवी वर्मा के संघर्षमय जीवन का संकलन है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)