कैंसर मुक्त भविष्य की ओर कदम: लखनऊ में रोटरी क्लबों ने 24 बालिकाओं को लगाया एचपीवी का टीका
लखनऊ के प्रेरणा स्टडी हॉल में रोटरी क्लबों द्वारा आयोजित एचपीवी टीकाकरण शिविर में 24 बालिकाओं का सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण हुआ
लखनऊ। रोटरी क्लब ऑफ राजधानी एवं रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ एलिगेंस के संयुक्त तत्वावधान में गोमती नगर स्थित प्रेरणा स्टडी हॉल में एक दिवसीय एचपीवी टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर के दौरान प्रेरणा स्टडी हॉल की 24 बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन की खुराक दी गई। इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की डॉ. शिप्रा नाथ ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण सबसे सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है।
इस अभियान को सफल बनाने में उत्तर प्रदेश टीकाकरण कार्यक्रम का विशेष सहयोग मिला। राज्य टीकाकरण अधिकारी (SIO) डॉ. अजय गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (DIO) डॉ. बी. एन. यादव, श्री नसीम (STC) तथा डॉ. विनय सिंह (Dy. DIO) के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने टीकाकरण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया।
कार्यक्रम का कुशल समन्वय रोटरी कोऑर्डिनेटर अनिकेत अनी द्वारा किया गया। शिविर में रोटरी क्लब ऑफ राजधानी की अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल, रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ एलिगेंस की चार्टर प्रेसिडेंट अपर्णा मिश्रा, रीता जायसवाल, विवेक अग्रवाल, प्रतिमा त्रिपाठी, कृष्णा अग्रवाल, मधुलिका सिंह एवं डॉ. दीप्ति चोपड़ा ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। रोटरी क्लबों ने “टीकाकरण करें, जागरूक करें, सशक्त बनाएं” के संकल्प के साथ भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को जारी रखने की बात कही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)