प्रयागराज में 20वां रोजगार मेला: केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने 81 नवचयनितों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 'विकसित भारत 2047' का दिया संदेश
प्रयागराज में यूपी राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में आयोजित 20वें रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने 81 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के अटल प्रेक्षागृह में 20वें 'रोजगार मेला' का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित 81 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित 51,000 से अधिक अभ्यर्थियों को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम की कड़ी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) अटल प्रेक्षागृह में उपस्थित अभ्यर्थियों और गणमान्य अतिथियों ने देखा।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का चयन केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBIC), जल शक्ति मंत्रालय, रेलवे, CISF, और डाक विभाग सहित विभिन्न प्रमुख सरकारी विभागों में हुआ है।
नवचयनित युवाओं को बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि "यह सफलता अभ्यर्थियों की लगन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। सरकारी सेवा में आने के बाद जनसेवा की भावना सर्वोच्च होनी चाहिए। युवाओं की प्रतिभा और समर्पण के बल पर ही हम वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करेंगे।"
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) आयुक्त रंजीत कुमार, विधायक डॉ. वाचस्पति, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य कार्मिक अधिकारी सुबोध विश्वकर्मा तथा CGST अपर आयुक्त एम. रहमान उपस्थित रहे। अपर आयुक्त एम. रहमान ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)