मानिकपुर में हादसे को दावत दे रहा जर्जर बिजली का पोल; कभी भी गिर सकती है कयामत, खौफ में क्षेत्रवासी
प्रतापगढ़ के मानिकपुर में जर्जर और झुका हुआ बिजली का पोल दे रहा बड़े हादसे को दावत, दहशत में क्षेत्रवासी
मानिकपुर, प्रतापगढ़ : नगर पंचायत मानिकपुर के मिरगढ़वा क्षेत्र में लगा जर्जर और झुका हुआ बिजली का पोल स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। पोल इस कदर झुक गया है कि उस पर लगे बिजली के तारों का भार संभालना मुश्किल हो रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसे नहीं बदला गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, बिजली का पोल काफी समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में है और धीरे-धीरे और अधिक झुकता जा रहा है। बरसात के मौसम में लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के कारण पोल के गिरने का खतरा बढ़ गया है। यदि यह पोल अचानक गिर गया तो आसपास के मकानों, दुकानों, राहगीरों और वाहनों को भारी नुकसान हो सकता है। साथ ही विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो सकती है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जर्जर पोल की जानकारी कई बार बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
लोगों का कहना है कि विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं, इसलिए हर समय अनहोनी की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से तत्काल जर्जर पोल को हटाकर नया पोल लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के दौरान पोल के गिरने का खतरा और बढ़ जाता है, जिससे जनहानि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और कोई हादसा हुआ तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। लोगों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)