मानिकपुर में प्रशासनिक लापरवाही की हद: इनायतगंज में रस्सी के सहारे टिका जर्जर बिजली का पोल, मंडरा रहा बड़ा खतरा

मानिकपुर के इनायतगंज में रस्सी के सहारे टिका जर्जर बिजली का पोल, स्थानीय लोगों में हादसे का भारी डर।

Jun 13, 2026 - 21:56
0 14
मानिकपुर में प्रशासनिक लापरवाही की हद: इनायतगंज में रस्सी के सहारे टिका जर्जर बिजली का पोल, मंडरा रहा बड़ा खतरा

मानिकपुर, प्रतापगढ़। नगर पंचायत मानिकपुर के इनायतगंज मोहल्ले में जर्जर बिजली का पोल स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। रस्सी के सहारे खड़ा यह झुका हुआ पोल किसी बड़े हादसे को दावत देता नजर आ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। पोल की स्थिति को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों व्याप्त हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार मोहल्ले में एक ही स्थान पर दो लोहे के बिजली पोल काफी समय से जर्जर अवस्था में थे। इनमें से एक पोल के निचले हिस्से में वेल्डिंग कर उसे किसी तरह ठीक कर दिया गया, जबकि दूसरा पोल पूरी तरह सड़ जाने के बावजूद अब भी खड़ा है। पोल झुक चुका है और उसे गिरने से बचाने के लिए रस्सी से बांधकर सहारा दिया गया है। लोगों का कहना है कि जर्जर पोल पर विद्युत लाइन भी संचालित हो रही है। ऐसे में यदि तेज हवा, बारिश या किसी अन्य कारण से पोल गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।

पोल के आसपास से रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और राहगीर गुजरते हैं। इससे स्थानीय लोगों में लगातार भय बना हुआ है।मोहल्लेवासियों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जर्जर पोल को तत्काल हटाकर नया पोल लगाया जाए, ताकि किसी संभावित जनहानि से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User