रायबरेली में 21 जुलाई से कटे होंठ और तालू वाले बच्चों के लिए मुफ्त पंजीकरण शिविर
रायबरेली में 21-25 जुलाई तक कटे होंठ व तालू वाले बच्चों के मुफ्त ऑपरेशन के लिए पंजीकरण शिविर लगेगा।
रायबरेली : जन्म से कटे होंठ (क्लेफ्ट लिप) और कटे तालू (क्लेफ्ट पैलेट) से पीड़ित बच्चों को बेहतर जीवन और मुस्कान देने के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत स्माइल ट्रेन संस्था एवं हेल्थ सिटी हॉस्पिटल, लखनऊ के सहयोग से 21 से 25 जुलाई तक निःशुल्क पंजीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के माध्यम से चिन्हित बच्चों का हेल्थ सिटी हॉस्पिटल, लखनऊ में पूरी तरह निःशुल्क ऑपरेशन एवं उपचार किया जाएगा- यह जानकारी बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने दी.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले के साथ-साथ विभिन्न विकासखंडों में भी पंजीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चे इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
परीक्षण एवं पंजीकरण का कार्यक्रम इस प्रकार है:
• 21 जुलाई – विकासखंड बछरावां, शिवगढ़, महाराजगंज, अमावां एवं हरचंदपुर के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महाराजगंज।
• 22 जुलाई – विकासखंड जगतपुर, ऊंचाहार एवं दीनशाह गौरा के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगतपुर।
• 23 जुलाई – विकासखंड लालगंज, सरेनी, डलमऊ एवं खीरों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लालगंज।
• 24 जुलाई – विकासखंड रोहनिया, सलोन, डीह एवं नसीराबाद के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सलोन।
• 25 जुलाई – विकासखंड राही, सतांव, नगरीय क्षेत्र, सभी छूटे हुए मरीजों तथा जिले के समीपवर्ती क्षेत्रों के बच्चों के लिए Office of the Chief Medical Officer, Raebareli
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस. अस्थाना ने अभिभावकों एवं आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके परिवार या आसपास कोई बच्चा जन्म से कटे होंठ या कटे तालू की समस्या से ग्रसित है, तो उसका पंजीकरण अवश्य कराएं। समय पर उपचार से ऐसे बच्चों का चेहरा ही नहीं, बल्कि उनका आत्मविश्वास और भविष्य भी संवर सकता है।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत मरीजों का सम्पूर्ण उपचार हेल्थ सिटी हॉस्पिटल, लखनऊ में स्माइल ट्रेन के प्लास्टिक सर्जन डॉ. वैभव खन्ना (प्रोजेक्ट डायरेक्टर) एवं डॉ. आदर्श कुमार (सीनियर प्लास्टिक सर्जन) द्वारा पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा। उपचार के साथ मरीज एवं उनके परिजन को आने-जाने का यात्रा व्यय भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले के सभी चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि National Child Health Program (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) की टीमों, ANM, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अन्य क्षेत्रीय स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से क्षेत्र में ऐसे बच्चों की पहचान कर उनके अभिभावकों को शिविर की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा उपचार से वंचित न रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)