मनरेगा पर 'सरकारी बुलडोजर' और गैस की कीमतों में आग: कांग्रेस ने फूंका भाजपा के खिलाफ बिगुल
प्रयागराज में कांग्रेस की 'मनरेगा बचाओ चौपाल'; महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि पर भाजपा सरकार की कड़ी निंदा।
प्रयागराज। बढ़ती महंगाई और सरकारी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। गंगापार के तारडीह (फुलवरिया) में आयोजित 'मनरेगा बचाओ संग्राम चौपाल' के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखे प्रहार किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए गंगापार जिलाध्यक्ष अशफाक अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को महंगाई की आग में झोंक रही है।
अशफाक अहमद ने आरोप लगाया कि करोड़ों भारतीयों की जीवनरेखा मानी जाने वाली मनरेगा योजना पर सरकार ने 'बुलडोजर' चलाकर गरीबों के हक को छीनने का काम किया है। उन्होंने कहा, "पेट्रोल-डीजल के बाद अब रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। यह आंदोलन काम के अधिकार और संवैधानिक जवाबदेही की बहाली के लिए एक देशव्यापी संघर्ष है।"
जिला उपाध्यक्ष निशा सिंह ने भी महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि रसोई गैस के साथ-साथ आटा, दाल, चावल और चीनी जैसी बुनियादी वस्तुओं के दाम बढ़ने से मध्यम और गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से कीमतों पर लगाम लगाने की मांग की।
चौपाल की अध्यक्षता विधानसभा प्रभारी देवराज उपाध्याय और संचालन जिला महासचिव सुनील पाण्डेय ने किया। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने भाजपा की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0