प्रयागराज: सीएम योगी आदित्यनाथ ने लेटे हनुमान जी के दरबार में टेका माथा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के प्रसिद्ध श्री बड़े हनुमान जी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मेला प्राधिकरण स्थित आईसीसीसी सभागार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की महत्वपूर्ण मंडलीय समीक्षा बैठक पूरी करने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे संगम तट स्थित मंदिर परिसर पहुंचा। मंदिर के मुख्य पुजारियों और वेदपाठी ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सीएम योगी ने गर्भगृह में जाकर बजरंगबली को तुलसी दल, पुष्प और प्रसाद अर्पित कर आरती उतारी।
बड़े हनुमान जी के दर्शन के उपरांत तीर्थ पुरोहितों और मंदिर प्रबंधन द्वारा मुख्यमंत्री को अंगवस्त्रम और प्रसाद भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस संक्षिप्त धार्मिक प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी महाकुंभ की तैयारियों के मद्देनजर संगम क्षेत्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संगम तट और आसपास के सभी पौराणिक व धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण और विकास कार्य समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर जिले के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)