वैशकाटी से गंदा नाला तक सड़क जर्जर, उखड़ी गिट्टियां दे रही हादसों को दावत; ग्रामीणों ने उठाई जांच और मरम्मत की मांग
कौशाम्बी के वैशकाटी से गंदा नाला तक जर्जर सड़क और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने जांच और त्वरित मरम्मत की मांग की।
बिंदाव (कौशाम्बी)। बिंदाव क्षेत्र के वैशकाटी से गंदा नाला तक जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाली के आंसू बहा रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी गिट्टियों के कारण राहगीरों व वाहन चालकों का आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही समय बाद सड़क जगह-जगह से टूटने लगी थी। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए निर्माण कार्य में धांधली की आशंका जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि मानक के विपरीत काम होने के कारण ही सड़क इतनी जल्दी पूरी तरह ध्वस्त हो गई।
सड़क की स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि कई स्थानों पर डामर की परत गायब है और बड़ा हिस्सा धंस गया है। बारिश के दिनों में जलजमाव हो जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने विभागीय उच्च अधिकारियों व जिला प्रशासन से तत्काल मामले को संज्ञान में लेकर स्थलीय जांच कराने तथा दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क का पुनर्निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)