सेंट जोसेफ कॉलेज में CISCE यूपी रीजनल तैराकी प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 10 ज़ोन के तैराकों ने दिखाया दमखम

सेंट जोसेफ कॉलेज, प्रयागराज में CISCE यूपी क्षेत्रीय तैराकी प्रतियोगिता 2026 (U-14, U-17, U-19) की शुरुआत हुई। 10 ज़ोन से आए खिलाड़ियों ने शपथ ली।

Aug 07, 2026 - 20:38
0 0
सेंट जोसेफ कॉलेज में CISCE यूपी रीजनल तैराकी प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 10 ज़ोन के तैराकों ने दिखाया दमखम

(जैनुल आब्दीन)

प्रयागराज। सेंट जोसेफ कॉलेज, प्रयागराज में सी.आई.एस.सी.ई. (CISCE) उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय तैराकी प्रतियोगिता 2026 का भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 श्रेणी के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत आध्यात्मिक वातावरण में हुई, जहाँ शिक्षिका श्रीमती वेरोनिका पॉल ने पवित्र बाइबिल पाठ और ईश प्रार्थना कराई। इसके बाद कॉलेज कॉयर ने सुमधुर प्रार्थना गीत प्रस्तुत कर पूरे प्रांगण को भक्तिमय ऊर्जा से भर दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि सेंट जोसेफ स्कूल, नैनी के प्रधानाचार्य रेव. फादर मेल्विन डी'सूजा थे, जबकि CISCE की ज़ोनल समन्वयक डॉ. ज़रीन रिज़वी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। मंच संचालिका श्रीमती डेज़ी डैनियल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा शिक्षिका श्रीमती अमृता हिगिंस ने मुख्य अतिथि का औपचारिक परिचय कराया। सेंट जोसेफ कॉलेज के प्रधानाचार्य रेव. फादर वाल्टर डी’सिल्वा ने मुख्य अतिथि को हरित पौधा (नवपल्लव) और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

प्रधानाचार्य रेव. फादर वाल्टर डी’सिल्वा ने प्रदेश के सभी 10 ज़ोन से आए प्रतिभागियों, कोचों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के औपचारिक प्रारंभ से पूर्व प्रयागराज ज़ोन के तैराकों ने 'स्विम पास' के माध्यम से पानी में विभिन्न तैराकी शैलियों और कलाओं का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शक मुग्ध हो गए।

मुख्य अतिथि रेव. फादर मेल्विन डी'सूजा ने स्कूल प्रशासन के आयोजन की सराहना की और सभी कोचों व खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को निष्पक्ष खेल और खेल भावना की शपथ दिलाई और प्रतियोगिता के आधिकारिक उद्घाटन की घोषणा की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User