सीमा विवाद में फंसी जल निकासी: सड़क बनी तालाब, प्रतापगढ़ के मानिकपुर में धरने की चेतावनी

मानिकपुर के चौरही वार्ड में नगर पंचायत और ग्राम सभा के सीमा विवाद के चलते जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। समाधान न होने पर ग्रामीणों ने डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

Aug 08, 2026 - 21:46
0 2
सीमा विवाद में फंसी जल निकासी: सड़क बनी तालाब, प्रतापगढ़ के मानिकपुर में धरने की चेतावनी

प्रतापगढ़ : नगर पंचायत मानिकपुर के चौरही वार्ड स्थित मौहारी मोहल्ले में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। कई दिनों से सड़क पर बरसात का पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों का आवागमन दूभर हो गया है।

वार्डवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत और ग्रामसभा की सीमा को लेकर उत्पन्न तकनीकी पेंच के चलते जल निकासी का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है, जिससे समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार नगर पंचायत अध्यक्ष और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को लिखित एवं मौखिक रूप से शिकायत की जा चुकी है।

इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण उन्हें रोजाना जलभराव से जूझना पड़ रहा है। गंदा पानी घरों के सामने जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल 'डिंपू भैया' भी कई बार कर्मचारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर चुके हैं।

उन्होंने समस्या के समाधान का प्रयास किया, लेकिन नगर पंचायत और ग्रामसभा की सीमा को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। वार्डवासियों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान भोला यादव, नारायण यादव, रामदुलारे, नन्हेंलाल, शीतला, हरिलाल, राजेंद्र, शिवशंकर यादव, सुषमा देवी, सुदामा देवी, रंजना देवी, निर्मला देवी, गीता देवी, रीता देवी, गुड्डी देवी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User