डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लॉन्च किया ‘मेरा पम्प’ ऐप, घर बैठे मैनेज होगा पूरा बिजनेस
यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ/प्रयागराज में ‘मेरा पम्प’ ऐप का शुभारम्भ किया। यह ऐप पेट्रोल पंप डीलरों को स्टॉक, सेल और कैश मैनेजमेंट में पारदर्शिता देगा।
लखनऊ/प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने पेट्रोलियम रिटेल उद्योग में डिजिटल क्रांति की शुरुआत करते हुए ‘मेरा पम्प ऐप’ (Mera Pump App) का भव्य शुभारम्भ किया। सिविल लाइन्स स्थित होटल ब्लेसिंग्स इम्पीरिया में आयोजित एक गरिमामय समारोह में दीप प्रज्ज्वलन कर ऐप का लोकार्पण किया गया। इस दौरान प्रदेशभर से आए पेट्रोल पंप डीलर्स, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
लोकार्पण अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में 'मेरा पम्प ऐप' जैसे नवाचार देश के उद्यमियों को नई ताकत प्रदान करते हैं। यह ऐप पेट्रोल पंप डीलरों के दैनिक कार्यों को सुगम, पारदर्शी और आधुनिक बनाने में बेहद उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने ऐप के संस्थापक श्री संजय सचदेवा और उनकी टीम को इस दूरदर्शी पहल के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि स्थानीय स्तर पर विकसित यह स्टार्टअप भारत की नवाचार क्षमता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं डॉ. कीर्तिका अग्रवाल और श्री कमलेश कुमार ने भी ऐप की सराहना करते हुए इसे व्यापार को सरल और सुगम बनाने वाला तकनीकी सहयोगी बताया।
क्या हैं 'मेरा पम्प ऐप' के मुख्य फायदे?
चार दशकों के अनुभव के आधार पर इस ऐप की परिकल्पना करने वाले संस्थापक व वरिष्ठ विधिक सलाहकार श्री संजय सचदेवा ने बताया कि डीलर अब अपने प्रतिष्ठान पर मौजूद रहे बिना भी हर गतिविधि पर नजर रख सकेंगे। यह ऐप डीलरों को निम्नलिखित सुविधाएँ प्रदान करेगा:
- दैनिक बिक्री व स्टॉक मैनेजमेंट: टैंक डिप, मीटर रीडिंग और स्टॉक में उतार-चढ़ाव का सटीक हिसाब।
- वित्तीय पारदर्शिता: नकदी प्रबंधन, दैनिक रिपोर्टिंग तथा लाभ-हानि का सीधा विश्लेषण।
- समय पर अनुपालन: जरूरी लाइसेंसों की समय-सीमा (Validity) और सरकारी दिशा-निर्देशों के अलर्ट।
प्रयागराज एवं कौशाम्बी पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रंजन सिंह, महासचिव श्री संजय तिवारी और संरक्षक श्री जी.के. अग्रवाल ने इस पहल को समय की मांग बताते हुए कहा कि यह ऐप आने वाले समय में पेट्रोल पंप संचालन का अनिवार्य हिस्सा बनेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)