शिमला में सनसनी: स्कूल संचालिका की सरेआम गोली मारकर हत्या, भाई पर गहराया शक
शिमला में स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की सरेआम गोली मारकर हत्या। पारिवारिक संपत्ति विवाद में भाई पर हत्या की साजिश का आरोप
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला का शांत इलाका संजौली शनिवार शाम गोलियों की गूंज से दहल उठा। यहां के प्रसिद्ध 'सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल' की संचालिका मनीषा मित्तल की स्कूल परिसर के गेट पर ही नकाबपोश शूटरों ने बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी। मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर पैदल ही फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।
चश्मदीदों और सीसीटीवी फुटेज से जो खौफनाक कहानी सामने आई है, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे मनीषा मित्तल बाजार से कुछ सामान लेकर स्कूल लौट रही थीं। जैसे ही वह गेट नंबर-1 के पास पहुंचीं, पहले से घात लगाए बैठे दो नकाबपोश युवकों ने उनके सिर में गोली मार दी। मनीषा वहीं गिर गईं। शूटर पहले आगे भागे, लेकिन फिर क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए वापस लौटे और बेहद करीब से दो और गोलियां दागकर नीचे की ओर भाग निकले। स्कूल के गार्ड यशपाल ने बताया कि हमलावर बाहर थे और वे कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम दे चुके थे।
इस हत्याकांड के तार एक गहरे पारिवारिक और आर्थिक विवाद से जुड़े नजर आ रहे हैं। मनीषा मित्तल ने इसी साल 4 अप्रैल को शिमला में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी जान को खतरा बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पिता द्वारा शुरू किए गए इस स्कूल पर उनके अपने ही भाई और करीबी रिश्तेदार कब्जा करना चाहते हैं। साल 2020 से चल रहे इस विवाद में ठियोग में बन रहे एक अन्य स्कूल के लिए लिए गए 8 करोड़ रुपये के लोन और वित्तीय गड़बड़ियों की बात भी सामने आई थी।
मनीषा के पति डॉ. सुभाष ने सीधे तौर पर रोहतक निवासी अपने साले हिमांक मित्तल पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि साल 2021 से चल रहे प्रॉपर्टी विवाद के कारण ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस की एक विशेष टीम रविवार को ही रोहतक के नेहरू कॉलोनी स्थित हिमांक के घर पहुंच गई और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। एएसपी शिमला अभिषेक ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर हर एंगल से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)