आवास विकास कॉलोनी में सजा मां दुर्गा का भव्य दरबार: सांस्कृतिक कार्यक्रमों और महाप्रसाद में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
प्रयागराज की आवास विकास कॉलोनी योजना-3 में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा भव्य पूजा पंडाल सजाया गया है। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं में भारी भीड़ उमड़ रही है।
प्रयागराज :शहर के आवास विकास कॉलोनी योजना नंबर 3 स्थित दुर्गा पार्क में 'श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी' द्वारा नवरात्रि पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। पिछले तीन महीनों से की जा रही तैयारियों का प्रतिफल अब देखने को मिल रहा है, जहां पंडाल की नयनाभिराम सजावट और बिजली की सतरंगी रोशनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है।
महाषष्ठी के शुभ अवसर से पूरे विधि-विधान के साथ शुरू हुए इस पूजनोत्सव में प्रतिदिन सुबह मां की आराधना, विशेष पूजन व पुष्पांजलि अर्पित की जा रही है। दोपहर में श्रद्धालुओं को दिव्य भोजन प्रसाद का वितरण किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन माता का प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
उत्सव के क्रम में सोमवार को बच्चों के बीच रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपनी रचनात्मकता से मनमोहक रंगोली उकेरी। वहीं संध्या काल में स्थानीय बाल कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। देशभक्ति और भक्ति भजनों पर आधारित इन प्रस्तुतियों को देखने के लिए पूजा परिसर में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
कमेटी की अध्यक्ष रूमा दास एवं महामंत्री सुधीर चौहान ने बताया कि यह भव्य आयोजन मंगलवार तक चलेगा। उन्होंने सभी नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माता रानी के दर्शन, दिव्य प्रसाद ग्रहण करने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाने की अपील की है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जे. गांगुली, विनय श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, संदीप सिंह, हर्षित दुबे, अंकित श्रीवास्तव, सुयश श्रीवास्तव, तेजस, आनंद सिंह, अथर्व शर्मा एवं शिवांश सहित पूरी कार्यकारिणी टीम तत्परता से जुटी हुई है।
रिपोर्ट: जैनुल आब्दीन
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)