प्रतापगढ़: भीषण सड़क हादसे में बुझ गया घर का चिराग, इकलौते बेटे की मौत, चार अन्य लहूलुहान
प्रतापगढ़ में दो बाइकों की टक्कर में इकलौते बेटे की मौत, चार घायल। लालगंज-प्रतापगढ़ मार्ग पर हुआ भीषण हादसा
(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)
कुंडा/प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार की सुबह लालगंज-प्रतापगढ़ मार्ग पर कन्हैया नगर बारौं के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे का विवरण जेठवारा थाना क्षेत्र के सराय नाहर राय निवासी शानू मिश्र (17) अपने मित्र आशीष कुमार मिश्र के साथ कौशांबी के चायल से वापस घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक बाघराय थाना क्षेत्र के बारौं गांव के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक, जिस पर जलालपुर निवासी विकास, शिवा और सुभाष सवार थे, उससे जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तेज धमाके के साथ सभी पांचों लोग सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।
अस्पताल में मची चीख-पुकार सूचना पर पहुंची पुलिस और 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बाघराय ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने शानू मिश्र को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों—आशिष, शिवा, विकास और सुभाष की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है, जहाँ वे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल मृतक शानू अपने माता-पिता श्रवण कुमार और आरती देवी का इकलौता बेटा था। इकलौते चिराग के बुझने की खबर मिलते ही मां और बहन श्रद्धा दहाड़ें मारकर रोने लगीं, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बाबा कृष्ण कुमार की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0