राष्ट्रीय पोषण माह: शरीरा में पोषण पंचायत के बाद निकली जागरूकता रैली, कुपोषण से लड़ने का दिया संदेश
राष्ट्रीय पोषण माह में कौशाम्बी के शरीरा आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण पंचायत हुई। डीपीओ संतोष श्रीवास्तव ने कुपोषण रोकने के उपाय बताए और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाई।
कौशाम्बी। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बुधवार को नगर पंचायत पूर्वी पश्चिमी शरीरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण पंचायत का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए। इस अवसर पर पोषण जागरूकता के लिए रैली भी निकाली गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने कहा कि कुपोषण के चक्र को तोड़ने के लिए किशोरियों के स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के लिए समय से पंजीकरण और टीकाकरण कराने, आयरन की गोली का नियमित सेवन करने, स्वास्थ्य जांच कराने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा पर्याप्त आराम करने की सलाह दी।
शिशु पोषण के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराना चाहिए। छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध देना चाहिए। सातवें माह से स्तनपान के साथ ऊपरी आहार की शुरुआत की जाए और दो वर्ष की आयु तक यह क्रम जारी रखा जाए। यह बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चों का नियमित टीकाकरण कराने और हर महीने वजन लेने से कुपोषण की समय रहते पहचान और रोकथाम संभव है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे पोषण से जुड़े सही व्यवहारों को खुद अपनाएं और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर पोषण रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को संतुलित आहार, साफ-सफाई, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बच्चों के नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सीडीपीओ सरसवां सुशील कुमार ने किया। इस मौके पर मुख्य सेविका मीनाक्षी देवी, सभासद अजीत रैना, सभासद वीरेन्द्र सोनी, सभासद राजुल सोनकर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)