'स्वास्थ्य कल के लिए आयुर्वेद' थीम पर मंझनपुर में मना 11वां आयुर्वेद दिवस, 184 मरीजों को मिला परामर्श और उपचार
कौशाम्बी के मंझनपुर में 'स्वास्थ्य कल के लिए आयुर्वेद' थीम पर 11वां आयुर्वेद दिवस मना। स्टॉल लगाए गए और चिकित्सकों ने करीब 184 रोगियों को परामर्श व उपचार दिया।
कौशाम्बी। जनपद मुख्यालय मंझनपुर के विकास भवन स्थित सरस हॉल में 11वां आयुर्वेद दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम "स्वास्थ्य कल के लिए आयुर्वेद" रखी गई थी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन विरासत है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि घर की रसोई में मौजूद मसालों से भी कई तरह के उपचार संभव हैं। जटिल रोगों के इलाज और स्वस्थ जीवन के लिए लोगों को आयुर्वेद अपनाने की जरूरत है। वक्ताओं ने आयुर्वेद को स्वस्थ भारत की मजबूत आधारशिला बताया।
आयोजन के दौरान कई स्टॉल भी लगाए गए। इनमें औषधि मसाला स्टॉल, औषधि वितरण स्टॉल, औषधि पौधा स्टॉल और योगा थीम स्टॉल शामिल रहे। लोगों ने स्टॉलों पर पहुंचकर जड़ी-बूटियों, औषधीय पौधों और योग से जुड़ी जानकारी ली।
इस अवसर पर आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्साधिकारियों की टीम ने करीब 184 रोगियों को परामर्श देने के साथ उनका उपचार भी किया। वक्ताओं ने आयुर्वेद की प्राचीन भारतीय परंपरा, प्राकृतिक जीवनशैली और स्वस्थ जीवन में इसकी अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही आयुर्वेद को आम लोगों तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में इसके योगदान को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, नगर पालिका भरवारी की अध्यक्ष कविता पासी और नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार फौजी मौजूद रहे।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी सुमन कुशवाहा, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. शगुफ्ता जवी, डॉ. प्रीतम सिंह, डॉ. सूर्य वली, डॉ. सफीना खातून, डॉ. ज्ञानेश्वर सिंह, डॉ. बुसरा, डॉ. अजीम अंसार, कृष्ण कुमार सिंह, हरिओम, लवली सिंह, सुनील कुमार और प्रमोद सिंह सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)